रायबरेली। पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में सोमवार को टेंडर वापस न लेने पर एक ठेकेदार को न सिर्फ लोहे की राॅड से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, बल्कि उसकी गाड़ी तोड़ दी गई। काफी देर तक कार्यालय परिसर में बवाल होता रहा। आरोपियों की ओर से हवाई फायरिंग की गई। सूचना के बाद भी पुलिस देर से पहुंची। पीड़ित ठेकेदार ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
हमलावरों की संख्या करीब पांच से छह थी। कहा जा रहा है कि हमलावर असलहे लिए हुए थे। पीडि़त पक्ष की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शहर क्षेत्र के आरडीए कॉलोनी निवासी आनंद कुमार तिवारी सुबह करीब 11 बजे गोरा बाजार स्थित लोक निर्माण विभाग काम के सिलसिले में गए थे। काम निपटाने के बाद जैसे ही बाहर निकले, तभी हमलावरों ने आनंद पर लोहे की रॉड से हमलाकर उन्हें मारना शुरू कर दिया। आनंद बचाव-बचाव की गुहार लगाता रहा, लेकिन दबंग हमलावरों के खौफ के चलते उन्हें बचाने कोई नहीं आया। ठेकेदार की धुनाई की गई।
लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर से चंद कदम दूरी पर सिविल लाइंस चौकी पुलिस है, लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बेखौफ हमलावरों ने ठेकेदार की स्कार्पियो को तोड़ दिया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। लोक निर्माण विभाग परिसर में काफी समय इस तरह की घटना हुई। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिया है।
पीड़ित बोला, टेंडर डालने से किया था मना
पीड़ित ने बताया कि वह लोक निर्माण विभाग का पंजीकृत ठेकेदार है। बछरावां विधानसभा क्षेत्र में एक कार्य के लिए उसने 31 जनवरी को 14 लाख का टेंडर डाला था। दबंगों ने टेंडर डालने से मना किया था। मना करने पर फोन करके गालीगलौज की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। उनके पास हमलावरों की ओर से की गई गालीगलौज की ऑडियो रिकार्डिंग भी है, जिसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
हमलावरों को शह देती रही पुलिस
पीड़ित ने बताया कि यदि पुलिस पहले से चेत जाती तो यह घटना न होती। एक जनवरी को उसने पुलिस अफसरों को घटना की सूचना दी थी और बताया कि कुछ लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की लापरवाही का नतीजा रहा कि यह घटना हो गई। यदि भागता न तो उसकी हत्या कर दी जाती।
कार्यालय परिसर में हुई घटना : एक्सईएन
लोक निर्माण खंड द्वितीय के एक्सईएन प्रमोद कुमार राणा ने बताया कि ठेकेदार के साथ कार्यालय परिसर में घटना हुई है। टेंडर प्रक्रिया अब ऑनलाइन होती है। टेंडर को लेकर क्या विवाद रहा, इसकी जानकारी नहीं है।
इनसेट
ठेकेदार ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ करने की तहरीर दी है। केस दर्ज कराया जा रहा है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्यालय व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
- अमित सिंह, सीओ सदर