लखनऊ। सीएम ग्रिड (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रस्टक्चर डेवलपमेंट स्कीम) योजना के 186 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सात प्रमुख सड़कों का काम शुरू करने के लिए शनिवार को नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा व महापौर सुषमा खर्कवल ने भूमि पूजन किया। इनका काम 15 महीने में पूरा किया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को महानगर माउंटफोर्ड स्कूल तिराहे के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें विधायक नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, विधायक राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि अखिलेश सिंह भी शामिल हुए। वहीं, दूसरे फेज के लिए भी चार सड़कों को भी मंजूरी मिल गई है।
भूमि पूजन के दौरान नगर विकास मंत्री ने कहा, शहर में पहली बार नगर निगम सीएम ग्रिड योजना के तहत 10 से 45 मीटर तक वैश्विक स्तर की चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी। योजना के पहले फेज में जिन सात सड़कों को शामिल किया है उन्हें पूरी तरह से स्मार्ट बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम वर्ष 2023-24 में प्रारंभ हुई। इसमें पहले 500 करोड़ रुपये का प्रावधान था। इसमें से 462 करोड़ रुपये जारी हुए।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस योजना में 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। इसमें से लखनऊ के लिए 100 करोड़ रुपये दिए गए हैं। कहा, उनके मंत्री बनने के समय से नगरों के विकास के लिए सात योजनाएं शुरू की गई, जिनका अब भी क्रियान्वयन भी किया जा रहा है। पहले नगर विकास विभाग का बजट 12 से 15 हजार करोड़ रुपये होता था, लेकिन अब वह 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह भी कहा, प्रदेश में पांच साल से बिजली की दरें नहीं बढ़ाई गई हैं।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश का विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का वातावरण पूरी तरह से बदल गया है। सांसद राजनाथ सिंह के प्रयासों से लखनऊ में सड़कों का जाल बिछाया गया है। सीएम-ग्रिडस योजना के तहत बनने वाली सभी सडकों को एक-दूसरे से जोड़कर निर्माण किया जाएगा। इससे लखनऊ शहर में सुविधाओं को देने में आसानी होगी। पार्षद प्रतिनिधि सुनील शंखधर, प्रभारी नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य अभियंता महेश वर्मा मौजूद रहे।