लखनऊ। कांग्रेस के सांसद तनुज पुनिया ने केजीएमयू कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि आरक्षण नियमों को दरकिनार कर शिक्षकों की भर्ती की गई। यह भी आरोप लगाया कि कुलपति ने केजीएमयू ही नहीं, बल्कि लोहिया संस्थान के निदेशक रहने के दौरान भी गड़बड़ियां की हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह पत्र चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेज दिया है। विभाग ने मामले में आख्या तलब की है। इस संबंध में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। केजीएमयू के प्रवक्ता डाॅ. केके सिंह का फोन आया। उन्होंने कुलपति का पक्ष रखते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया। कहा कि शिक्षकों की भर्ती नियमों के तहत की गई है। इस पर अलग-अलग कमेटियां सुझाव दे चुकी हैं। उसी के तहत नियुक्ति हुई है।