कांग्रेस पार्टी व्हिप के बावजूद विधानमंडल के विशेष सत्र में भाग लेने वाली रायबरेली विधायक अदिति सिंह को कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उनसे दो दिन के भीतर जवाब मांगा है। वहीं युवा विधायक अदिति सिंह का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला।
शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय और उप नेता आराधना मिश्रा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अदिति उसूलों, नैतिकता और विचारों की बात करती हैं, तो पार्टी से इस्तीफा देकर चुनाव लड़ें, न कि पार्टी में रहकर अनुशासनहीनता करें। उनमें जरा भी नैतिकता है तो पार्टी से तत्काल इस्तीफा दे दें। उसके बाद भाजपा के साथ जाकर नैतिकता की लफ्फाजी करें।
लल्लू ने कहा कि पार्टी व्हिप के बावजूद अदिति ने न सिर्फ कार्यवाही में हिस्सा लिया, बल्कि सदन को संबोधित भी किया। इसे पार्टी के विरुद्ध अनुशासनहीनता बताया गया है। इस बीच, अदिति ने कहा है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है। मीडिया में नोटिस दिया होगा लेकिन मुझे कोइ नोटिस नहीं मिला।