लखनऊ। राजधानी में सीएमओ के अधीन सभी 150 स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को अब पैथोलॉजी कंप्यूटराइज्ड जांच रिपोर्ट मिलने लगी है। पहले यहां हाथ से पर्चे पर लिखकर रिपोर्ट दी जा रही थी। इससे मरीज दूसरे केंद्रों पर जाकर अपना इलाज नहीं करवा सकते थे। हायर सेंटर हाथ से लिखी जांच रिपोर्ट मान्य नहीं करते थे। इससे मरीजों को दोबारा जांच करानी पड़ती थी। शासन के निर्देश पर अब कंप्यूटराइज्ड जांच रिपोर्ट मिलने से मरीजों को राहत मिली है।
राजधानी में सीएमओ के अधीन 19 सीएचसी, 54 पीएचसी व 77 जन आरोग्य मंदिर संचालित हैं। यहां अभी तक मरीजों को पर्चे पर हाथ से लिखी जांच रिपोर्ट दी जा रही थी। इससे मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने 20 मार्च के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने सभी केंद्रों पर कंप्यूटराइज्ड जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इस पर सभी सीएचसी को अपग्रेड करने का काम शुरू हुआ। वहां कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण लगाए गए। इसके बाद सभी सीएचसी, पीएचसी व जन आरोग्य केंद्रों पर प्रिंटेड रिपोर्ट मिलनी शुरू हो गई है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिल रहा है।