रायबरेली। जगतपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धोबहा में पूर्व प्रधान की मिलीभगत से भूमिधरी जमीन पर सामुदायिक शौचालय बनवाने के मामले में 3.50 लाख रुपये की वसूली के आदेश दिए गए हैं। पंचायत सचिव व पूर्व प्रधान से आधी-आधी धनराशि वसूली जाएगी। धनराशि जमा न करने पर सचिव के वेतन से वसूली की चेतावनी दी गई है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जगतपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धोबहा में पूर्व प्रधान बिटाना व पंचायत सचिव विशाल यादव ने गांव के ही रघुवीर व रामबख्श की भूमिधरी जमीन पर शासनादेश के विपरीत सामुदायिक शौचालय का निर्माण करवा दिया था। मामले की शिकायत होने पर ऊंचाहार के तहसीलदार और एडीओ पंचायत ने जांच की। मामले को दिशा की बैठक में ब्लॉक प्रमुख दल बहादुर सिंह ने भी उठाया था।
जांच रिपोर्ट आने के बाद डीपीआरओ ने 350866 रुपये वसूलने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने पंचायत सचिव विशाल यादव व पूर्व प्रधान बिटाना से आधी-आधी धनराशि वसूलने के आदेश दिए। डीपीआरओ गिरीशचंद्र ने बताया कि धोबहा में शासनादेश के विपरीत भूमिधरी जमीन पर सामुदायिक शौचालय बनवाया गया है। धनराशि जमा न होने पर पंचायत सचिव के वेतन से कटौती की जाएगी।