लखनऊ। व्यावसायिक वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए अब आपको आरटीओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके अलावा ना ही पंजीकरण के लिए प्रपत्र लेकर बाबू के आगे-पीछे घूमना पड़ेगा। ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन अब शोरूम पर होगा। इसी महीने से यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। इसके तहत आरटीओ कार्यालय की जगह जिस शोरूम से वाहन खरीदा जाएगा, वहीं से ऑनलाइन प्रपत्र आरटीओ भेजने होंगे। यहां प्रपत्रों की जांच कर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर दिया जाएगा और रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र शोरूम भेज दिया जाएगा। यहीं से मालिक गाड़ी की आरसी ले सकेंगे। परिवहन विभाग में आईटी सेल के एआरटीओ प्रभात पांडेय ने बताया कि फिलहाल दो व चार पहिया गाड़ियों का पंजीकरण डीलर प्वाइंट से हो रहा है। व्यावसायिक वाहनों के खरीदार को अब आरटीओ कार्यालय जाकर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया पड़ेगा।