वाम दलों ने विधानसभा की 170 सीटों पर साझे उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में ज्यादा प्रत्याशी उतारे जाएंगे, जबकि बुंदेलखंड और पश्चिमी क्षेत्र में भी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। अगले हफ्ते प्रत्याशियों की अधिकृत घोषणा कर दी जाएगी।
माकपा, भाकपा, भाकपा (माले) और फॉरवर्ड ब्लॉक समेत यूपी में सक्रिय सात वाम दलों ने मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हाल में आए एक सर्वे में भी इस बार विधानसभा चुनाव में वाम दलों का खाता खुलने की भविष्यवाणी की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रत्याशियों के बाबत वाम दलों की दो राउंड की बैठकें हो चुकी हैं। तय हुआ है कि भाकपा 90, भाकपा (माले) 50, माकपा 27 और अन्य वाम दल 3 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 13 जनवरी को होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
यहां बता दें कि वाम दलों की कोशिश है कि वे अधिकतर सीटों पर 5-10 हजार वोट पा लें, ताकि आने वाले समय में अन्य क्षेत्रीय दल यूपी में उनकी उपस्थिति को गंभीरता से लें।
इस रणनीति पर काम करते हुए वाम दलों ने अपने करीब 150 पूर्ण कालिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिलों में उतार दिया है। पश्चिमी बंगाल, केरल और दूसरे राज्यों से भी कार्यकर्ताओं को यहां वामपंथी नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए बुलाने का फैसला किया गया है।