रायबरेली। सीएम योगी की जनसभा में नगर क्षेत्र के बाहर सफाई उपकरण और स्टाफ भेजने पर नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर ने नाराजगी जताई है। साथ ही उन्होंने पालिका कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद भी नगर क्षेत्र के बाहर स्टाफ और सफाई उपकरण भेजना कतई उचित नहीं है। यह नियमों का सीधे तौर पर उल्लंघन है।
नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर ने बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री की जनसभा लालगंज के ऐहार में थी। सफाई कार्य के लिए नगर पालिका परिषद रायबरेली का स्टाफ और सफाई उपकरण जेसीबी, डंपर, स्पिन कलर, टैंकर, सीवर जेटिंग मशीन को भेजा गया, जबकि नगर क्षेत्र के बाहर स्टाफ भेजकर सफाई उपकरणों का प्रयोग नहीं किया जा सकता। यह हाल तब है, जब चुनाव आचार संहिता लागू है। उन्होंने बताया कि जलकल अभियंता, अवर अभियंता, समस्त सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, स्वास्थ्य लिपिक, जलकल लिपिक, सफाई कर्मचारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है कि उन्होंने किसके कहने पर जनसभा में स्टाफ व सफाई उपकरण को भेजा।