मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने मंगलवार को भारत सरकार की संस्था ‘इंवेस्ट इंडिया’ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपी को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संबंध में प्रजेंटेशन दिया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि ‘इंवेस्ट इंडिया’ के साथ समन्वय बनाते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके लिए अल्प व दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएं।
उन्होंने कहा कि यूपी पूंजी निवेश के लिए एक आकर्षक प्रदेश बनकर उभरा है। इसका लाभ निवेशकों को आकर्षित करने और पूंजी निवेश लाने में मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्य में ‘इंवेस्ट इंडिया’ से मदद मिलेगी। एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि ‘इंवेस्ट इंडिया’ ने विभिन्न सेक्टरों के लिए कार्ययोजनाएं बनाई हैं।
जीएसडीपी के आधार पर यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। ‘इंवेस्ट इंडिया’ के सीईओ दीपक बागला ने कहा कि यह एक ऐसा संगठन है, जिसका उद्देश्य लाभ अर्जित करना नहीं है। इसमें राज्य सरकारों के साथ सीआईआई, फिक्की और नैसकॉम जैसी संस्थाओं की शेयर होल्डिंग है।
रोटरी इंटरनेशनल ने शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में कार्य करने की जताई इच्छा
रोटरी इंटरनेशनल ने प्रदेश में शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य, टेलीमेडिसिन, सिंचाई आदि क्षेत्रों में कार्य करने की इच्छा जताई है। रोटरी इंटरनेशनल के अध्यक्ष शेखर मेहता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट के दौरान ये पेशकश की। सीएम ने रोटरी इंटरनेशनल की पहल का स्वागत किया।
लोगों को सस्ता व आसान ऋण उपलब्ध कराएं: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जिलावार लक्ष्य तय करते हुए लोगों को सस्ता, आसान व सरल ऋ ण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक जल्द आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को सरकारी आवास पर प्रदेश में संचालित विभिन्न योजनाओं में बैंकों द्वारा किए जा रहे वित्त पोषण की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सभी 18 मंडल मुख्यालयों तक वित्तीय जानकारी व जागरूकता के मेगा कैम्पों की संख्या बढ़ाने तथा जिला स्तर पर भी इसी प्रकार के अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोडल एजेंसी स्कूलों, नर्सिंग व फ ार्मेसी कॉलेजों में संवाद आयोजित करे जिससे युवा वर्ग स्वरोजगार व स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ सके। उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों तथा एमएसएमई सेक्टर की योजनाओं में अधिक से अधिक ऋ ण वितरण की सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रवासी कामगारों की स्किल मैपिंग कराई है। इन्हें विभिन्न बैंकिंग व अनुदान ऋ ण योजनाओं से जोड़ा जाए।