10वीं की छात्रा ने घर में लगाया फंदा
मलिहाबाद। रहीमाबाद के जौरिया गांव में सोमवार शाम चाहत गोस्वामी (15) ने घर में पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार ने बताया कि अम्बरीश गोस्वामी की बेटी चाहत जालामाऊ गांव स्थित निजी स्कूल में 10वीं की छात्रा थी। सोमवार शाम उसकी मां संजू सब्जी लेने रहीमाबाद बाजार गई थीं। छोटा भाई विनायक घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद विनायक घर के अंदर पहुंचा तो बहन को पंखे के हुक से लटका देखा। चाहत के पिता लुधियाना में काम करते हैं। तीन बड़ी बेटियों का विवाह हो चुका है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।