लखनऊ। अनलॉक होते ही सोमवार को शहर जाम में फंस गया। हजरतगंज समेत कई प्रमुख चौराहों पर जाम लगा रहा तो कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। जाम की समस्या से निपटने के लिए चौराहों पर फोर्स तैनात थी, लेकिन उसका ज्यादा असर नहीं दिखा। हजरतगंज चौराहे पर स्थानीय थाना और यातायात पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद यहां जाम से निजात नहीं मिला। वजह, सड़क पर वाहनों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि रेडलाइट होते ही लंबी कतार लग जाती। चौराहा से अशोक मार्ग पर तलवार पेट्रोलपंप तक वाहनों की लाइन लगी रही। हजरतगंज के मुख्य बाजार वाली सड़क का भी यही हाल रहा। सचिवालय खुलने से बापू भवन चौराहा पर भी दिन में कई बार जाम लगा जबकि विधानसभा भवन के पीछे की सड़क पर वाहन दिनभर रेंगते रहे। कैसरबाग चौराहा, आईटी चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, चौक में चरक चौराहा समेत अन्य रास्तों में भी वाहन रुकते-थमते चले। चारबाग रेलवे स्टेशन और यहां के बस अड्डा के साथ ही आलमबाग व कैसरबाग बस अड्डे के आसपास भी दिनभर वाहनों की रेलमपेल के चलते सड़क पर अराजकता दिखी। इन जगहों पर ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी, कैब, ठेला, खोमचा की वजह से भी समस्या आई। समस्या दूर करने के लिए कहा है पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय का कहना है कि यातायात व्यवस्थित करने के लिए थानों और ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। ऑफिस शुरू होने और छूटने के वक्त सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने से थोड़ी समस्या आई थी। यातायात विभाग के अधिकारियों को इस समस्या को दूर करने के लिए कहा गया है।