सुल्तानपुर रोड स्थित रायान इंटरनेशनल स्कूल में साथियों के साथ सेल्फी लेती मेधावी छात्राएं।
- फोटो : संवाद
रायबरेली। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने सोमवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) के नतीजे घोषित किए। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालयों में जश्न का माहौल रहा। मेधावियों संग उनके परिवारीजनों और विद्यालय स्टाफ ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर फाल्गुनी, प्रतीक, समृद्धि और निष्ठा ने अपनी मेधा की चमक बिखेरी।
सीआईएससीई से शहर में चार विद्यालय संचालित हैं। नतीजे घोषित होते ही चारों स्कूलों में जश्न मनाया गया। जिला स्तरीय टॉप-10 सूची में 10वीं से 15 और 12वीं से भी 15 मेधावियों ने अपनी जगह बनाई है। इन मेधावियों में बालक और बालिकाओं की संख्या बराबर है। जिले की वरीयता सूची में सेंट पीटर्स स्कूल के मेधावियों ने सबसे ज्यादा स्थान अर्जित किया है। साथ ही रायन इंटरनेशनल स्कूल, सेंट जेम्स स्कूल और न्यू विजन स्कूल के मेधावियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
आईएससी (12वीं) में सेंट पीटर्स स्कूल की फाल्गुनी सोनी ने 93.50 प्रतिशत अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आईसीएसई (10वीं) में 97 फीसदी अंकों के साथ सेंट पीटर्स स्कूल के प्रतीक यादव व समृद्धि श्रीवास्तव और सेंट जेम्स स्कूल की निष्ठा वर्मा ने बेहतर प्रदर्शन किया। सेंट पीटर्स स्कूल में प्रधानाचार्य रिजनॉल्ड डिसूजा, रायन इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य सदफ खान, न्यू विजन स्कूल में प्रबंधक आमिर बेग ने मेधावियों को सम्मानित किया। सेंट जेम्स स्कूल में भी मेधावी सम्मानित हुए।