लखनऊ। पतंग उड़ाने में उपयोग हो रहे चाइनीज मांझे ने रविवार को मेट्रो संचालन करीब पांच मिनट के लिए ठप कर दिया। मुंशीपुलिया से इंदिरानगर के बीच चाइनीज मांझे की वजह से दिक्कत आई। इससे ओएचई में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पांच मिनट बाद इसे ठीक कर ट्रेन संचालन शुरू किया गया। मेट्रो की प्रवक्ता पुष्पा बेल्लानी ने बताया कि इस तरह की दिक्कतें लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले भी इसी लोकेशन पर ट्रेन संचालन ठप हुआ था। काफी देर तक एक ही लाइन से ट्रेनों की आवाजाही हुई। ओएचई में ट्रिप होने पर पूरे रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो जाती है। हालांकि, रविवार को 6:45 बजे शाम को दिक्कत आई, जिसे पांच मिनट बाद 6:50 बजे दूर कर लिया गया। ओएचई ट्रिप होने पर मेट्रो की इलेक्ट्रिकल और रखरखाव टीम ने जांच की तो ओएचई में चाइनीज मांझा फंसा मिला। इसे हटाकर ट्रेन संचालन शुरू किया गया।