नाटक गोपाल से जगतपाल तक में प्रस्तुति देते बच्चे
लखनऊ। यायावर रंगमंडल और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से कैसरबाग स्थित राय उमानाथ बली ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय ''उल्लास बाल पर्व-2026'' मंगलवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया। समापन दिवस पर बच्चों ने नृत्य और नाटक के जरिए सामाजिक व सांस्कृतिक संदेश दिए। जानकीपुरम स्थित पूरन शिक्षा केंद्र के विद्यार्थियों ने वंशिका शर्मा की परिकल्पना और निर्देशन में लघु नृत्य नाटिका ''गोपाल से जगत पाल तक'' प्रस्तुत की। वहीं गोमतीनगर स्थित सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने योगेंद्र जोशी के आलेख और अंकित श्रीवास्तव के निर्देशन में नाटक ''एक सपना'' का मंचन किया। यायावर रंगमंडल के निदेशक पुनीत मित्तल ने बताया कि संस्था पिछले 32 वर्षों से बाल रंगमंच के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास का कार्य कर रही है।