लखनऊ। पीजीआई इलाके में बृहस्पतिवार रात आठ साल के बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह गांव के ही बच्चों के साथ सिंघाड़ा तोड़ने के लिए तालाब गया था।
पीजीआई के डलोना गांव निवासी राजेश रावत प्लंबर हैं। उनका बेटा रजनीश (8) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। बृहस्पतिवार शाम 07:30 बजे रजनीश गांव के कुछ बच्चों के साथ तालाब से सिंघाड़ा तोड़ने गया था। दो घंटे बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो राजेश गांव वालों को साथ लेकर तालाब पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तालाब में रजनीश को तलाशना शुरू किया तो कुछ ही देर में वह मिल गया। रजनीश को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रजनीश की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। शुक्रवार सुबह मामले की जानकारी पाकर पीजीआई थाने की पुलिस डलोना गांव पहुंची और रजनीश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।