लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति के विद्यार्थी केंद्रीय छात्रवृत्ति लंबित होने से परेशान हैं। उन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए केंद्रीय हिस्से की छात्रवृत्ति नहीं मिली है। इस कारण कई छात्रों की फीस जमा करने में कमी आ रही थी। विश्वविद्यालय ने इस समस्या पर विचार करते हुए छात्रों को सशर्त परीक्षा देने की अनुमति दी है। अब सभी पात्र विद्यार्थी अंतिम सेमेस्टर परीक्षा में बैठ सकेंगे। उन्हें एक शपथपत्र जमा करना अनिवार्य होगा। इसमें छात्रों को केंद्रीय छात्रवृत्ति मिलने पर शेष फीस जमा करने का वादा करना होगा। यदि छात्रवृत्ति नहीं मिलती है, तो उन्हें अपने संसाधनों से फीस जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि फीस जमा न होने पर अंतिम सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम घोषित नहीं किए जाएंगे।