आईएमए ने मनाया प्लास्टिक सर्जरी दिवस
लखनऊ। प्लास्टिक सर्जरी का दायरा व्यापक है। इसके लिए चिकित्सकों को भी प्रशिक्षित करने की जरूरत है। घाव भरने के लिए बरती जाने वाली सावधानी के बारे में चिकित्सकों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं। ये बातें आईएमए अध्यक्ष प्रोफेसर जीपी सिंह ने कहीं। वह आईएमए भवन में सोमवार को आयोजित प्लास्टिक सर्जरी दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए सर्जन को प्लास्टिक सर्जरी के टिप्स दिए जाने से पूरे समाज का भला होगा। केजीएमयू प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. एके सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी की नई तकनीकों से चिकित्सकों से वाकिफ होना होगा। आईएमए सचिव प्रो. डॉ. जेडी रावत, डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. बृजेश मिश्रा, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. अनुपम सरन ने भी संबोधित किया।