लखनऊ। कोरोना की वजह से हुए लॉकडाउन में लोग करीब 40 दिन से अपने घर तक सीमित हो गए हैं। इसका असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में लोगों की मदद के लिए सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीडीआरआई) के वैज्ञानिकों ने एक ऑनलाइन सेल्फ असेसमेंट सिस्टम तैयार किया है। यह सिस्टम कुछ सवालों के जवाब के आधार पर लोगों के मानसिक स्वास्थ्य का हाल बता देगा। सीडीआरआई के वैज्ञानिक डॉ. संजीव यादव का कहना है कि सिस्टम को इस तरह तैयार किया गया है कि लोगों को उनके मानसिक स्वास्थ्य के अलावा जरूरी उपचार बताया जा सके। जरूरी होने पर काउंसलिंग भी सीडीआरआई की विशेषज्ञ टीम करेगी। इसके लिए टीम में न्यूरो साइंटिस्ट डॉ. शुभा शुक्ला और न्यूरो साइकिएट्रिस्ट डॉ. एसएस लाल श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। दोनों का रोल सवाल तय करने से लेकर उनके जवाब के आधार पर परिणाम तय करना है। जवाब देते ही मिलेगा परिणाम इस असेसमेंट को खुद से सीडीआरआई की वेबसाइट पर जाकर वहां दिए गए लिंक पर रजिस्टर करना होगा। यहां 27 सवालों के जवाब पूछे जाएंगे। इनके जवाब सबमिट करते ही परिणाम और जरूरी सुझाव तत्काल मिल जाएगा। विशेषज्ञ टीम इस डाटा को गोपनीय रखते हुए आकलन करेगी। जरूरी होने पर काउंसलिंग के लिए व्यक्ति से संपर्क किया जाएगा।