लखनऊ। सेफ सिटी के कार्यों की समीक्षा के लिए सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे, पोल फाउंडेशन, कमांड कंट्रोल सिस्टम आदि कार्यों की जानकारी ली। बैठक में पता चला कि अभी भी पूरे सीसीटीवी कैमरे नहीं लग पाए हैं। खास बात ये है कि सितंबर की बैठक में भी मंडलायुक्त ने सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक माह बाद भी नतीजा सिफर है। बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम, सर्विलांस कैमरा, पोल फाउंडेशन, कमांड कंट्रोल सिस्टम, पावर कनेक्शन व नेटवर्क सिस्टम आदि के सभी उपकरण 24 घंटे क्रियाशील रहें। बैठक में बताया गया कि 800 कैमरों के सापेक्ष 716 सर्विलांस कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगा दिए गए हैं। हालांकि, पिछली बैठक में 800 कैमरों की जगह यह आंकड़ा 1000 था। कहा गया कि पिंक बस सर्विलांस में 165 के सापेक्ष 102 कैमरे लगा दिए गए हैं। इसपर मंडलायुक्त ने फिर से शेष सर्विलांस कैमरे लगाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त के इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि विभिन्न संस्थाओं के 400 कैमरे कंट्रोल रूम से जोड़ दिए गए हैं।