लखनऊ। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने सोमवार को नार्दर्न रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर को फर्म संचालक के बिलों के भुगतान करने के बदले 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों दबोचा। कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप में तैनात राम अवतार को गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को राजधानी में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। सीबीआई ने राम अवतार के खिलाफ केस दर्ज कर उसके आवास पर छापा मारा। नार्दर्न रेलवे के इलेक्ट्रिक सेक्शन में कार्य करने वाली फर्म फ्लाईअप इंटरप्राइजेस के संचालक कृष्ण कुमार सिंह ने सीबीआई, लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच में शिकायत की थी कि उनकी फर्म के लंबित बिलों का भुगतान करने के लिए डिप्टी चीफ इंजीनियर राम अवतार 18 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत सही पाए जाने पर सीबीआई के अधिकारियों ने रेलवे अफसर को पकड़ने की योजना बनाई। सोमवार देर रात उसे आवास पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों दबोच लिया गया।