रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली और दरियापुर स्टेशन के बीच रविवार देर शाम इंटरसिटी एक्सप्रेस से कुछ मवेशी कट गए। इससे इंटरसिटी समेत तीन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे ट्रैक पर मवेशियों के पड़े होने से रास्ता बाधित हो गया। इससे गाड़ियों को देर तक रोका गया।
प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन आ रही थी, तभी दरियापुर से आगे बढ़ते ही मुंशीगंज रेलवे क्रॉसिंग और सई नदी के बीच मवेशी चपेट में आ गए। इससे ट्रेन को रोक दिया गया। मवेशियों के अंश ट्रैक पर फैले होने के कारण करीब आधे घंटे तक इंटरसिटी एक्सप्रेस रुकी रहने के बाद रायबरेली स्टेशन पहुंची। दूसरी तरफ टनकपुर से शक्तिनगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस रायबरेली से रवाना की गई, जो सई नदी पुल के निकट 20 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे ट्रैक साफ होने के बाद त्रिवेणी को रवाना किया गया।
इन दोनों ट्रेनों के रोके जाने के कारण रायबरेली से रघुराज सिंह स्टेशन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी समय से नहीं चल सकी। इस ट्रेन को करीब सवा घंटे देरी से रायबरेली स्टेशन से चलाया गया। यही वजह रही कि रात में यही पैसेंजर ट्रेन रघुराज सिंह रेलवे स्टेशन से भी विलंब से चली। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि इंटरसिटी से दो मवेशियों के कटने की सूचना मिली है। इस वजह से इंटरसिटी समेत तीन गाड़ियों को रोका गया, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।