लखनऊ। जालसाजों ने बीबीएयू वीसी प्रो. संजय सिंह का फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर उनके परिचितों से पैसे मांगे। इसकी जानकारी होते ही विवि प्रशासन ने फेक एकाउंट को डिएक्टिवेट करवाया दिया। कुलपति प्रो. सिंह को बृहस्पतिवार देर रात किसी से पता चला कि उनके फेसबुक एकाउंट की जानकारी लेकर एक दूसरा फर्जी एकाउंट बना लिया गया है। इसके माध्यम से उनके कुछ परिचितों से पैसे मांगे गए। खुद वीसी ने अपने फेसबुक एकाउंट पर इसकी जानकारी साझा करते हुए किसी को भी इस पर रिस्पॉन्स न देने को कहा। प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने बताया कि विवि प्रशासन ने फेसबुक के हेल्पलाइन नंबर व मेल पर संपर्क कर फेक एकाउंट को डिएक्टिवेट करवाया। स्थानीय साइबर सेल में भी ऐसा करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए संपर्क किया गया है।