नौकरी लगवाने के नाम पर लिए थे रुपये
पुलिस हिरासत में आरोपियों शैलेंद्र श्रीवास्तव, नरेंद्र और मोबीन से पूछताछ में सामने आया है कि जेई शैलेंद्र ने नौकरी लगवाने के नाम पर कुछ लोगों से रुपये लिये थे। इसमें संतोष शुक्ला भी शामिल था। संतोष की जेई शैलेंद्र से मुलाकात शैलेंद्र श्रीवास्तव ने ही कराई थी। कितने रुपये लिए, इसकी जानकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव ने नहीं दी। वहीं नौकरी न लगने पर संतोष ने तकादा शुरू किया। इससे बचने के लिए जेई शैलेंद्र ने अपने करीबी मित्र शैलेंद्र श्रीवास्तव से एक ऑफर संतोष के लिए दिया। कहा कि उससे कुछ जमीन रजिस्ट्री कराने को कह दो। शैलेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, संतोष तैयार हो गया लेकिन जमीन की हकीकत मालूम होते ही वह पीछे हट गया। वह अपने रुपये वापस मांग रहा था।
पुलिस खंगाल रही जमीनों की रजिस्ट्री
डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी के मुताबिक, खुदकुशी के मामले में जमीन का मामला ज्यादा आ रहा है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम को निर्देश दिया गया है कि वह शैलेंद्र कुमार, उनकी पत्नी व परिवार के सदस्यों के नाम से रजिस्ट्री हुई सारी जमीनों का ब्योरा जुटाएं ताकि पता चल सके कि क्या विवाद है। कितनी जमीन शैलेंद्र ने खरीदी थी। उनका एग्रीमेंट किन लोगों से किया था जो उसकी रकम नहीं दे रहे थे।
पत्नी व दोस्त के नाम कराया था 18 लाख का लोन
पुलिस के मुताबिक, पड़ताल में सामने आया है कि जेई शैलेंद्र का करीबी दोस्त प्रदीप है। उससे वह हर राज खुलकर बताता है। उसने कुछ समय पहले प्रदीप व अपनी पत्नी गीता के नाम से 18 लाख रुपये का लोन कराया था। यही नहीं इन दोनों के नाम पर इतनी ही रकम की दो गिफ्ट डीड कराई थी जिसके दस्तावेज पुलिस खंगाल रही है। वहीं बैंक के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, एक-दो दिन इंतजार के बाद इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी। वहीं घर में रखे दस्तावेज भी खंगाले जाएंगे।