बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के कन्नावां गांव में तैनात हल्का लेखपाल राहुल वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर विशाखा फैक्टरी के प्रबंधक केवी सूर्य नारायण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें तालाब की सुरक्षित भूमि को फैक्टरी के कब्जे में करने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही है कि यह सब किसकी मिलीभगत से किया गया।
बछरावां थाना क्षेत्र के कन्नावां के गाटा संख्या 752 की आकृषक भूमि जलमग्न तालाब खाते में दर्ज है। वर्तमान समय में इस भूभाग का संपूर्ण भाग विशाखा फैक्टरी ने अपनी बाउंड्री के अंदर कर लिया है। सुरक्षित भूमि का कई वर्षों से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। इससे ग्राम सभा को क्षति पहुंचाने का काम किया गया है। लेखपाल ने दर्ज कराए गए केस में आरोप लगाया कि इस संबंध में विशाखा फैक्टरी को पूर्व में कई नोटिस दिया जा चुका है लेकिन नोटिस लेने से मना कर दिया गया।
लेखपाल राहुल वर्मा ने कोतवाली में विशाखा फैक्टरी के प्रबंधक केवी सूर्य नारायण के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल विजेंद्र शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
28 मार्च को फैक्टरी पर किसान ने किया था केस
बीते 28 मार्च को क्षेत्र के कन्नावां गांव के रहने वाले किसान रामसागर ने अपनी 10 बिस्वा जमीन विशाखा फैक्टरी के अंदर होने का दावा किया था। इसके बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने जांच कर किसान की तहरीर पर बछरावां कोतवाली में विशाखा फैक्टरी के प्रबंधक व एचआर मैनेजर संतोष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज हुए मुकदमे में 15 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई शून्य रही। सीओ यादुवेंद्र पाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज है अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।