कोतवाली में मौजूद वकील। (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
वकीलों के प्रदेशव्यापी आंदोलन व लखनऊ में प्रदर्शन की घोषणा व न्यायालय में आरोपी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने की अर्जी के बाद पुलिस ने आननफानन अधिवक्ताओं की पिटाई के मामले में 11 दिन बाद आरोपी दरोगा राजकुमार व वीके सरोज पर लूट समेत अन्य धाराओं में मंगलवार रात मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया जबकि तीसरे दिन भी वकील हड़ताल पर रहे।
30 दिसंबर की रात मोहनलालगंज में बाईक व कार में मामूली टक्कर के बाद पुलिस ने अधिवक्ताओं को थाने लाकर बेरहमी से पिटाई कर हवालात मे डाल दिया था जिसके बाद 31 दिसंबर को पुलिस की कार्रवाई से नाराज वकीलों ने शनिवार को थाने का घेराव कर हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने दोषी दरोगा राजकुमार व वीके सरोज के विरूद्व मुकदमा दर्ज करने व साथी वकील व उसके सहयोगी के विरूद्व दर्ज मुकदमे को समाप्त किए जाने की मांग कर रहे थे।
इस दौरान वकीलों व पुलिस में धक्का मुक्की भी हुई थी। हंगामे के दौरान लगभग आठ घंटे तक लखनऊ- रायबरेली राजमार्ग व अन्य सड़कें जाम रही थीं। पुलिस अधिकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरूद्व वकील की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया और पीड़ित अधिवक्ता से तहरीर भी ले ली थी जिसके बाद हंगामा शांत हो गया लेकिन बाद में मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली से नाराज वकीलों ने दोबारा हाईवे जाम कर दिया। जिसके बाद आरोपी दरोगाओं के स्थानांतरण व कार्रवाई के आश्वासन के बाद वकीलों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया था।
वकीलों द्वारा घंटो रोड जाम कर प्रदर्शन करने व बवाल करने को लेकर इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे की तहरीर पर 147, 149, 188, 283 व 341 की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। अधिवक्ताओं से मारपीट व अज्ञात 300 अधिवक्ताओं पर केस दर्ज होने से नाराज वकीलों ने मोहनलालगंज मे महापंचायत बुलाकर आंदोलन की घोषणा करते हुए जिले की सभी तहसील बार व लखनऊ की सभी बार ने हड़ताल पर जाने की घोषणा कर बुधवार को लखनऊ मे प्रदर्शन कर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का पुतला जलाने का ऐलान किया था।
इसके बाद प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी सरकार को दी थी। पुलिस ने वकीलों के आक्रोश को शांत करने के लिए मंगलवार की देर रात आननफानन आरोपी दारोगाओं के विरूद्व 31 दिसंबर को वकील की दी गई तहरीर पर लूट व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रात में ही बार के पदाधिकारियों को एफआईआर की कापी वाट्सएप पर भेज दी थी।