लखनऊ। शहर के विवादित बिल्डर फहद याजदानी सहित पांच लोगों के खिलाफ महानगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। जानकीपुरम के एकता पार्क निवासी सुमित गोयल के मुताबिक 18 मई 2022 में याजदान बिल्डर के माध्यम से महानगर में 60.48 लाख रुपये का फ्लैट बुक किया था। सारा भुगतान करने के बाद पता चला कि बिल्डर का अपार्टमेंट अवैध है। इसी बीच बिल्डर ने सुमित के नाम बुक फ्लैट किसी अन्य को बेच दिया। पीड़ित ने तगादा किया तो आरोपियों ने रकम लौटाने से मना कर दिया। पुलिस से शिकायत पर सुनवाई न हुई तो सुमित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को महानगर थाने याजदान कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक फहद याजदानी, सायम याजदानी, अलीम चौधरी, शराफत अली और करुणेश कुमार शुक्ल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।