रायबरेली। महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार सवार युवकों ने उसके जेवरात उड़ा दिए। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव की रहने वाली कनकलता का आरोप है कि बुधवार को अपने मायके सरेनी से ससुराल जा रहीं थी। लालगंज कस्बे के गांधी चौराहे पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रही थी तभी वहां पर एक कार सवार आया और खुद को रायबरेली जाने की बात कह कर महिला को बदई का पुरवा तक छोड़ने के बात कही। महिला कार में बैठ गई। रास्ते में कार सवार युवक ने महिला के जेवरात छीन लिए। इसके बाद महिला को गाड़ी से उतारकर फरार हो गया। महिला का कहना है कि छीने गए जेवरात की कीमत करीब एक लाख रुपये है। पीड़िता ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है।