रायबरेली। गर्मी में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने तैयारी शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली देने के लिए 80 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। योजना पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
हर साल गर्मी में उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता है। कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां लो-वोल्टेज के चलते बिजली उपकरण शोपीस बन जाते हैं। इस समस्या को देखते हुए जिले में ओवरलोड 80 ट्रांसफार्मरों को चिह्नित किया गया। इसमें 25 केवीए के 56 ट्रांसफार्मर हैं, जिनकी क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए की जाएगी। 63 केवीए के 17 ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 केवीए की जाएगी। 100 केवीए के सात ट्रांसफार्मरों की क्षमता 250 केवीए की जाएगी।
इन गांवों में बढ़ाई जाएगी ट्रांसफार्मरों की क्षमता
पाहो, भीरतगांव, हाता, भूपगंज, सहनीपुर, झबरा, भोजपुर, अरखा, मतरमपुर, पिरोधर का पुरवा, केवली महिमा, पूरे रामधनी, धमधमा चौराहा, थुलरई, घुरवारा, नेवादा पट्टी, बीबीपुर, तारापुर, रसूलपुर बड़ा मठ, दरीबा, पुरवा पिंडौर, हसनापुर, पूरे भीखी, बथुआखास, देदौर, पूरे दुर्गा, पहरावां, विशुनपुर, राजामऊ, बरियारपुर, राजापुर, मटिहा, शहीद स्मारक पार्क, अखिलेशपुरम, थुलवारा आदि गांवों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगा काम
जिले में 80 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। क्षमता वृद्धि होने के बाद उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी।
वाईएन राम, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन