लखनऊ। एसजीपीजीआई के शासी निकाय की बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संस्थान के 27 संवर्ग के कैडर पुनर्गठन को मंजूरी दी गई। अन्य संवर्ग के मामले में पहले ही फैसला लिया जा चुका है। संस्थान के कर्मचारी कैडर पुनर्गठन की लगातार मांग कर रहे थे। वे इस प्रकरण को लेकर धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। शासन की ओर से जल्द ही पुनर्गठन का आश्वासन दिया गया था। बृहस्पतिवार को संस्थान की 95वीं शासी निकाय की बैठक में संस्थान के गैर शैक्षणिक संवर्गों के पुनर्गठन को लेकर चर्चा हुई। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने संवर्ग पुनर्गठन के संबंध में सुझाव दिए। इसके बाद पुनर्गठन के संबंध में सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि यह संवर्ग पुनर्गठन काफी हद तक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली के समतुल्य है। कैडर के पदों की गुणवत्ता को बढ़ाते हुए वित्तीय अनुशासन अपनाते हुए इसे वित्त विभाग की सहमति के लिए भेजा गया है। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, विशेष सचिव चिकित्सा शिक्षा शुभ्रा सक्सेना, निदेशक प्रो. आरके धीमान, सीएमएस गौरव अग्रवाल, संयुक्त निदेशक प्रो. रजनीश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।