लखनऊ। फोन पर पत्नी से बातचीत के दौरान किसी बात पर कहासुनी होने से गुस्साए व्यापारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना चिनहट के मटियारी इलाके की है।
निगोहां के मस्तीपुर निवासी वरुण मिश्र (43) का मटियारी में आवास है। बीएचयू के पास मेडिकल स्टोर चलाने वाले वरुण तीन दिन पहले वाराणसी से घर आए थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम वरुण गोरखपुर विवि में असिस्टेंट प्रोफेसर पत्नी कल्पना से फोन पर बात कर रहे थे। तभी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। नाराज वरुण ने फांसी लगाने की बात कहते हुए फोन काट दिया।
ये सुनकर पत्नी घबरा गईं और उन्होंने पड़ोसी को फोन कर तुरंत घर भेजा। पड़ोसी भागकर घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर लोग अंदर गए तो वरुण फंदे पर लटके मिले। वरुण को राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वरुण की बेटी अनन्या मां के साथ गोरखपुर में ही रहती है।
चिनहट इंस्पेक्टर के मुताबिक वरुण की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी गोरखपुर कल्पना और दूसरी पत्नी छत्तीसगढ़ में रहती है। दूसरी पत्नी का भेद खुलने पर कल्पना से बातचीत के दौरान विवाद हुआ था, इसके बाद वरुण ने खुदकुशी कर ली। हालांकि मृतक के बहनोई शैलेंद्र अवस्थी का कहना है कि वरुण की दूसरी पत्नी के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। वरुण अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिता कृष्ण कुमार किसान हैं। मां की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। वरुण की दो बहनें राधा व पिंकी हैं। दोनों की शादी हो चुकी है।