रायबरेली। लखनऊ प्रयागराज हाईवे और डलमऊ नगरी में रोडवेज बसों के यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। ऊंचाहार और डलमऊ में बस स्टेशन स्थापित कराने की कवायद शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव के निर्देश पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने एडीएम प्रशासन को पत्र भेजकर निशुल्क जमीन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है, जिससे बस स्टेशन की सुविधा देने का काम शुरू किया जा सके।
वर्तमान समय में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर महत्वपूर्ण कस्बा होने के बाद भी ऊंचाहार में बस स्टेशन नहीं है। मुख्य चौराहे पर ही बस रुकती है। वहीं बस स्टेशन न होने के कारण यात्रियों को हाईवे के किनारे ही खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। क्षेत्र में लंबे समय से बस स्टेशन की मांग की जा रही है।
इसे लेकर विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने भी शासन को पत्र देकर ऊंचाहार में बस स्टेशन बनवाने का अनुरोध किया है। इसी तरह डलमऊ में भी बस स्टेशन की सुविधा अब तक यात्रियों को नहीं मिल सकी है।
मामले में प्रमुख सचिव ने ऊंचाहार और डलमऊ में बस स्टेशन की व्यवस्था के लिए जमीन के बंदोबस्त के संबंध में पत्र भेजा है। प्रमुख सचिव का पत्र आने के बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने एडीएम प्रशासन को जमीन की व्यवस्था के लिए पत्र भेजा है। एआरएम ने ऊंचाहार और डलमऊ में निशुल्क जमीन की व्यवस्था कराने की मांग की है।
प्रमुख सचिव के निर्देश पर एडीएम प्रशासन को पत्र भेजा गया है। ऊंचाहार और डलमऊ में बस स्टेशन प्रस्तावित है। निशुल्क जमीन मिलते ही बस स्टेशन स्थापित कराने का काम शुरू होगा। इससे रोडवेज के यात्रियों को राहत मिलेगी।
- दिनेशचंद्र श्रीवास्तव, एआरएम रायबरेली डिपो