चारबाग बस अड्डे पर शनिवार रात को खड़ी बस में अचानक आग लग गई। यह देख दूसरी बस में बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। तीन दमकल वाहनों की मदद से 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
सीएफओ मंगेश कुमार के मुताबिक, बस अड्डे पर ड्राइवर बस को लॉक करके चला गया था। आधे घंटे बाद बस को फतेहपुर के लिए निकलना था। इसके कुछ देर बाद बस में अचानक अग लग गई और धू-धू कर जलने लगी। यह देख अन्य बस में बैठे यात्री कूदकर सड़क की तरफ भागने लगे। लपटों पर काबू न पाते देख कर्मचारियों ने दमकल को सूचना दी।
हजरतगंज व आलमबाग से दमकल कर्मी पहुंचे और तीन गाड़ियों की मदद से 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया। सीएफओ ने बताया कि हादसे में बस राख हो गई ह। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण शॉर्ट सर्किट लगा रहा है। जांच की जा रही है।