रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र रहवां में तैनात एक टीजी टू काे नहीं हटाने से गुस्साए कथित भाजपाई विद्युत वितरण मंडल प्रथम पहुंचे। स्थानांतरण न होने से झल्लाए भाजपाइयों ने जमकर हंगामा काटा। मौजूद कर्मचारियों से अभद्रता करने के साथ अधीक्षण अभियंता वाईएन राम से नोकझोंक की। इससे कार्यालय में अफरातफरी मच गई। जानकारी होने पर अन्य खंडों के अभियंता व कर्मचारी पहुंच गए। पुलिस पहुंचने पहले भाजपाई भाग निकले।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले कुछ लोगों ने भाजपा के लेटर पैड पर रहवां में तैनात एक टीजी टू को हटाने को लेकर शिकायती पत्र दिया था। इस मामले की जांच कराई जा रही थी। अब तक कार्रवाई नहीं होने से खफा तीन लोग अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। अपने को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए टीजी टू को अब तक नहीं हटाए को लेकर अधीक्षण अभियंता से बहस करने लगे। कर्मचारियों ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता की। जानकारी होने पर विद्युत परीक्षण खंड के एक्सईएन पीसी भारती, वितरण खंड के एक्सईएन आनंद कुमार वर्मा, गोरा बाजार से कर्मचारी व अभियंता पहुंच गए। पुलिस भी पहुंची। तब तक लोग भाग निकले। सदर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।