लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के ओमेक्स मेट्रो सिटी में आने वाले अमोल गांव में सोमवार रात दो मकानों पर कंपनी ने जमीन को अपना बताकर बुलडोजर चलाया। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों परिवारों की तहरीर मिली है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अमोल गांव के रहने वाले गुरु प्रसाद व रानी ने ओमेक्स कंपनी के कर्मियों पर अभद्रता, धमकी व उन्हें बेघर करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का दावा है कि वर्ष 2008-09 में महामाया गरीब आवास योजना के तहत उन्हें आवास आवंटित हुए थे। सोमवार रात बिना नोटिस दिए ओमैक्स के कर्मचारी कुलदीप सिंह, बादशाह, दीपू वर्मा समेत अन्य कर्मियों ने बुलडोजर चलाकर घर गिरा दिया। कंपनी के कुलदीप सिंह का कहना है कि दोनों परिवार मुआवजा ले चुके हैं फिर भी कंपनी की जमीन को अपना बता रहे हैं।