लखनऊ। देश की अर्थव्यवस्था की दिशा और दशा तय करने वाले केंद्रीय बजट को राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक सभी वर्गों में सराहा जा रहा है।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह केवल वर्तमान आवश्यकताओं का समाधान नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था को अगले दशक के लिए सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने वाला बजट है। यह विकास, वित्तीय अनुशासन और सामाजिक–आर्थिक संतुलन का ऐसा समन्वय प्रस्तुत करता है, जो भारत को वैश्विक आर्थिक मंच पर और अधिक मजबूत बनाएगा। आगे कहा कि इस बजट में तात्कालिक लोकलुभावन फैसलों के बजाय दीर्घकालिक सोच को प्राथमिकता दी गई है। इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, तकनीक, युवाओं और हरित विकास पर केंद्रित यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देता है। इसमें रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय, विकास के साथ वित्तीय अनुशासन का संतुलन, कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स में नई छलांग, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में यूपी की भागीदारी, ग्रीन ग्रोथ और डिजिटल शिक्षा की दिशा में ठोस पहल नवीकरणीय ऊर्जा आदि का समावेश देखने को मिल रहा है।