लखनऊ। आरटीओ कार्यालय के बाहर बृहस्पतिवार को सन्नाटा पसरा रहा। देवा रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय के बाहर साइबर कैफे की दुकानों पर ताले लटके रहे। ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ ऑफिस के बाहर भी आवेदकों पर नजर रखने वाले दलाल भाग गए। आरटीओ ऑफिस के बाहर छापा पड़ने का खौफ बना रहा। शाम करीब साढ़े तीन बजे परिवहन आयुक्त के आने की अफवाह के चलते दलाल कहीं नजर नहीं आए। दरअसल, दलालों के सिंडिकेट का खुलासा होने के बाद डीएम सूर्यपाल गंगवार जांच के लिए पहुंचे थे जिसका खौफ बृहस्पतिवार को भी रहा। दुकानों पर अब सिर्फ फोटोकॉपी और नोटरी जैसे ही काम हो रहे हैं।