लखनऊ। ट्रैफिक पुलिस इस समय यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन इसकी आड़ में रविवार को अवैध वसूली का मामला सामने आया। दुबग्गा में ट्रैफिक दरोगा अजय कुमार सिंह ने ट्रैक्टर ट्रॉली चालक छंदोईया खेड़ा निवासी संजय से 50 हजार रुपये महीने की मांग कर डाली। रकम न देने पर ट्रैक्टर ट्रॉली का 12 हजार का चालान कर दिया। मामला तूल पकड़ा तो आरोपी ट्रैफिक दरोगा को डीसीपी ट्रैफिक ऑफिस से अटैच कर दिया गया है। चालक ने बताया कि वह छंदोईया निवासी रिजवान अहमद की ट्रैक्टर ट्रॉली चलाता है। ट्रैफिक दरोगा ने उससे ट्रैक्टर ट्रॉली मलिक का नाम पूछा। आरोप है कि मुस्लिम नाम सुनते ही अजय आग बबूला हो गए और बदसलूकी की। पीड़ित ने मामले में दुबग्गा पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है। वहीं, ट्रैफिक इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी दरोगा अजय सिंह को ड्यूटी से हटाकर डीसीपी ट्रैफिक ऑफिस अटैच किया गया है।