- तीमारदार ने आडियो क्लिप सीएमएस को सौंपी, मामले की जांच शुरू
लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के सर्जन पर बच्चे के ऑपरेशन के बाद रुपये मांगने का आरोप लगा है। तीमारदार ने इसकी आडियो रिकॉर्डिंग सीएमएस को सौंपी है। सीएमएस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आरोप है कि इस खेल में अस्पताल का कर्मचारी भी शामिल है।
मलिहाबाद के जगदीशपुर का रहने वाला प्रशांत मौर्या (7) की पेशाब नली में स्टोन थी। परिजनों ने बच्चे को अस्पताल की ओपीडी में दिखाया। डॉक्टर ने ऑपरेशन का फैसला लिया। करीब पांच दिन पहले बच्चे का ऑपरेशन हो गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर व कर्मचारी ऑपरेशन शुल्क छह हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने रुपये न होने की बात कही। शुक्रवार को मरीज के परिजन सीएमएस से मिले। मामले की पूरी जानकारी देते हुए आडियो क्लिप भी दी है। सीएमएस डॉ. जीपी गुप्ता के मुताबिक, मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।