लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में बुधवार रात दो एसयूवी सवार हमलावरों ने ठेकेदार के घर पर ताबड़तोड़ कई बम फेंके। घर के बाहर खड़ी उनकी एसयूवी को क्षतिग्रस्त कर दिया। बम धमाकों की आवाज सुनकर लोग घरों से निकले तो हमलावर फायरिंग करते हुए शहीद पथ की ओर भाग गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
विनय खंड निवासी ठेकेदार सच्चिदानंद शर्मा के मुताबिक बुधवार रात वह परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात 12.30 बजे दो एसयूवी से 10 युवक आए और घर के सामने सिद्धेश्वर पार्क के पास खड़ी उनकी एसयूवी पर बम फेंक दिया। बेसबाॅल के डंडे से एसयूवी तोड़ दी। आरोपियों ने घर पर भी बम फेंके। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से निकल आए। इस पर हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। काॅलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद एफआईआर दर्ज कर ली।
उधर, बृहस्पतिवार को गोमतीनगर विस्तार में घटना में शामिल तीन संदिग्धों को देख पीड़ित सच्चिदानंद ने पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक पुलिस की राह देखने के बाद पीड़ित में परिचितों की मदद से आरोपियों को पकड़कर गोमतीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एडीसीपी पूर्वी अमित कुमावत के मुताबिक दोनों पक्ष एक-दूसरे के परिचित हैं। आरोपियों ने सच्चिदानंद की कार के पास सिर्फ सुतली बम व पटाखे दगाए थे। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है।
पीड़ित ने बताया कि 10 जून 2023 को भी बाइक से आए आरोपियों ने उनके घर पर बम फेंके थे। पूरी घटना पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मगर उस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी ही नहीं हुई।