लखनऊ। दम्माम जा रहे इंडिगो के विमान को बम की सूचना पर बृहस्पतिवार शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-97 शाम सवा चार बजे लखनऊ से रवाना हुई। इसे 6:37 बजे दम्माम पहुंचना था। गुजरात के एयरस्पेस में पहुंचने के बाद क्रू सदस्य ने कागज पर बम की धमकी मिलने की बात पायलट को बताई। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी। इसके बाद शाम 5:43 बजे विमान अहमदाबाद में उतारा गया। इसके बाद यात्रियों व लगेज की डेढ़ घंटे तक जांच की गई। कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने पर रात आठ बजे दोबारा विमान रवाना किया गया।