राजाजीपुरम। ठाकुरगंज के फरीदीपुर निवासी उमा (26) का शव मंगलवार सुबह फंदे से लटका मिला। उनके पिता हरदोई के बिलग्राम निवासी रामजीवन ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पति, ससुर और देवर पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। रामजीवन के अनुसार, बेटी की शादी चार साल पहले हुई थी। दामाद मजदूरी करता है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दामाद ने फोन कर उमा के आत्महत्या करने की सूचना दी। रामजीवन का आरोप है कि पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। भुहर चौकी प्रभारी मुदित राय ने बताया कि सुबह पति की नींद खुली तो पत्नी दुपट्टे के सहारे पंखे के हुक से लटकी मिली। उमा रात करीब डेढ़ बजे तीन वर्षीय बेटे को ससुर के पास सुलाने गई थी। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।