लखनऊ। नाका इलाके में स्नैपचैट के जरिये किशोरी के फोटो और वीडियो हासिल कर उसे ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी की उम्र 17 साल है। कुछ दिन पहले उसे स्नैपचैट पर आदित्य शर्मा नाम के युवक की रिक्वेस्ट आई थी। किशोरी ने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। आरोपी ने बहला-फुसलाकर किशोरी के फोटो और वीडियो हासिल कर लिए और फिर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने बात न मानने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी। डीसीपी ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी आदित्य के खिलाफ नाका थाने में धमकाने और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सर्विलांस की मदद सेे आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।