अमेजन वेयर हाउस पर बीआईएस के छापे में जब्त सामान
लखनऊ। भारतीय मानक ब्यूरो ने अमेजन इंडिया के कई वेयरहाउसों पर बृहस्पतिवार को छापा मार कर अप्रमाणित 789 उत्पाद जब्त कर लिए। ब्यूरो ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। लखनऊ शाखा के वरिष्ठ निदेशक सुधीर बिश्नोई ने बताया कि लखनऊ के ग्राम भौकापुर, बंथरा स्थित वेयरहाउस पर छापेमारी की गई। इस दौरान बिना अनिवार्य प्रमाणन के ऑनलाइन बेचे जा रहे उत्पादों की एक बड़ी खेप जब्त की गई। इनमें बिना प्रमाणन के खिलौने एवं सेनेटरी नैपकिंस के 789 उत्पाद शमिल थे। भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों के अनुसार, यह उत्पाद अनिवार्य प्रमाणन की श्रेणी के हैं, जिन्हें बिना बीआईएस प्रमाणन के बेचा जा रहा था। छापा मारने वाली टीम में निदेशक पीयूष एम वासेकर, ऋत्विक आनंद, संयुक्त निदेशक शरद कुमार, उपनिदेशक जितेश कुमार आदि मौजूद रहे।