रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को हाईवे पर कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक कार में ही फंस गई। छह किमी. जाने के बाद कार में आग लग गई। पुलिस कर्मियों ने कार सवार चिकित्सक और उसके परिवार को बाहर निकालकर जान बचाई। शहर के इंदिरा नगर निवासी विभांशु श्रीवास्तव (24), निशांत सिंह (26) क्षेत्र के एक शोरूम में गाड़ी बुक कराने के बाद बाइक से घर वापस जा रहे थे। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुचमा मोड़ के पास लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बताते हैं कि बाइक कार में फंसकर लगभग छह किलोमीटर दूर तक सड़क पर घिसती चली। कार त्रिपुला चौराहे पर पहुंची तो वहां फंसी बाइक से कार में आग लग गई। त्रिपुला चौकी पुलिस कार में लगी आग को बुझाया और कार सवार निवासी आजमगढ़ डॉ. चंदन सिंह और उसके परिवार को सकुशल बाहर निकाला। चिकित्सक परिवार समेत रायबरेली आ रहे थे। वह लखनऊ में रहते हैं। यहां पर भी प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करते हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घायल युवकों में निशांत सिंह की हालत नाजुक होने पर ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है।