लखनऊ। इटौंजा में बृहस्पतिवार रात फ्लाईओवर से उतरते समय सड़क गीली होने के कारण एक बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सोबरन सिंह ने बताया कि सीतापुर के सिधौली निवासी 27 वर्षीय सत्यम बाइक से बृहस्पतिवार रात घर जा रहे थे। वह इटौंजा फ्लाईओवर से उतर रहे थे तभी बारिश के कारण गीली सड़क पर उनकी बाइक फिसल गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। सत्यम का सिर डिवाइडर से टकराकर फट गया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।