लखनऊ। कृष्णानगर में मंगलवार को सेल्समैन से 55 हजार रुपये की सिगरेट लूट ली गई। पीड़ित ने बुधवार सुबह थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पारा के डिप्टी खेड़ा स्थित कुंदन विहार कॉलोनी निवासी रामबाबू एवरेडी करहेटा स्थित आईटीसी कंपनी में सेल्समैन हैं। उनके मुताबिक मंगलवार शाम करीब चार बजे वह फिनिक्स मॉल के पास माल देने गए थे। लौटते समय दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी खड़ी बाइक पर टंगा सिगरेट से भरा झोला छीन लिया। झपट्टा मारने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पैर पर गिर गई। बदमाश शोर मचाने से पहले ही भाग निकले। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने छानबीन की। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दिखे हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है।