बाइक सवार बदमाशों ने लॉ छात्र का मोबाइल लूटा
आलमबाग। रायबरेली निवासी विधि के छात्र आर्यन मिश्रा ने बाइक सवार दो लोगों पर मोबाइल लूटने का आरोप लगाते आशियाना थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि आर्यन डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्र हैं। वह विवि के हास्टल में रहते हैं। आर्यन के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे साइकिल से हॉस्टल लौट रहे थे। विवि के गेट नंबर तीन के पास पीछे से आए बाइक सवार दो लोगों ने झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया। वह सड़क पर गिरकर चोटिल भी हो गए।