लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने मांगों को लेकर डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। 10 सूत्री ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग गुप्ता व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ता दोपहर को डीएम दफ्तर पहुंचे। क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर नारेजबाजी की और फिर डीएम की गैर मौजूदगी में उनके कार्यालय में ज्ञापन दिया। मोहनलालगंज में सही तरीके से विकास, गोसाईंगंज में बृजमोहन सिंह की वृद्धावस्था पेंशन रोकने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों पर कार्रवाई, अर्जन की जाने वाली जमीन का बाजार दर से मुआवजा, पराग डेयरी पर दूध देने वाले किसानों की बकाया रकम के भुगतान की मांग की। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अनुराग गुप्ता व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, हरिश्चंद्र वर्मा, रज्जालाल वर्मा, रमाशंकर आदि मौजूद रहे।