लखनऊ। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण और सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने शुक्रवार को चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी, उपस्थिति रजिस्टर, ऑपरेशन थियेटर और फार्मेसी का जायजा लिया गया। निरीक्षण में सुविधाएं पहले के मुकाबले बेहतर मिलीं। डॉ. पवन कुमार अरुण ने डेंटल यूनिट में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। अस्पताल में साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक मिली। हालांकि अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के साथ संतुलित एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंडलायुक्त समेत कई आला अधिकारियों ने सीएचसी का निरीक्षण किया था।